ये लो जी... अब अंडे की रिप्लेसमेंट की भी खेती

S.Khan April 11, 2017
शाकाहार अपनानाने पर खास जोर दिया जा रहा है। लोग भी इस ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसके लिए कई मासाहार चीजों के भी विकल्प ढूंढ लिए गए हैं। इसी कड़ी में अब अंडे का भी रीप्लेसमेन्ट आ गया है। वह भी पूरी तरह से शाकाहारी और ग्लूकॉन फ्री। डाइबिटीज से पीडि़त लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं। इस फसल को सुपर फूड चियां के नाम से जाना जाता है। प्रदेश भर में सिर्फ सेंधवा में एक किसान ही इसकी खेती करता है। मुनाफा और सेहत सहित कई अन्य मायनों में भी ये सुपर फूड विशेष गुणकारी है।


सुपर फूड चियां का नाम या इसके बारे में कम ही लोग जानते हैं। ये फसल कुछ ही स्थानों पर उगाई जा रही है। वर्ष 2016  में सेंधवा के उन्नत किसान डॉ. गंगाराम सिंगोरिया ने इसकी जानकारी जुटाई। पता चला कि इसकी खेती हैदराबाद में हो रही है। फिर डॉ. सिंगोरिया ने हैदराबाद जाकर चियां बीज की खेती की प्रक्रिया समझी। लौटकर उन्होंने पहले गमले में इसे उगाकर देखा। कामयाबी मिलने पर उन्होंने पांच एकड़ भूमि में पहली दफा चियां बीज की फसल लगाई। चार माह बाद ही फसल तैयार हो गई और पांच एकड़ में 10 क्विंटल उपज मिली। चिया बीज की बाजार में खूब डिमांड है। खासकर ऑनलाइन मार्केट में। डॉ. सिंगोरिया भी अब स्वयं की वेबसाइट बनाकर इसकी बिक्री की तैयारी कर रहे हैं।


दूध से पांच गुना ज्यादा कैल्शियम: डॉ. सिंगोरिया ने कहा, चियां बीज एक सुपर फूड है। इसमें दूध से 5 गुना ज्यादा कैल्शियम है। इसमें संतरे से 7 गुना अधिक विटामिन सी, पालक से 3 गुना ज्यादा आयरन और केले से 2 गुना अधिक पोटेशियम होता है। अंडे का यह बेहतर रीप्लेसमेंट भी है। 

डायबिटीज मरीज भी खा सकते हैं: चियां बीज ग्लूटान फ्री है। इसे डायबिटीज के मरीज भी खा सकते हैं। चियां बीज से ब्लड शुगर भी नियंत्रित रहता है। यह प्रोटीन का भी एक अच्छा स्रोत है। इसमें ओमेगा 3 भी पाया जाता है। सेहत के लिहाज से यह शाकाहारी सुपर फूड चियां काफी लाभकारी है।  


3 लाख रुपए प्रति एकड़ मुनाफा: किसान डॉ. सिंगोरिया ने बताया सुपर फूड चियां की खेती मुनाफे वाली है। फसल लगाना भी आसान ही है। देखरेख की भी ज्यादा जरूरत नहीं होती। कोईमवेशी इसे नहीं खाता है। एक एकड़ खेती में महज 2 किलो बीज की ही खपत होती है, जो लगभग 3 हजार रुपए की होती है। फसल चार माह में तैयार हो जाती है। मुनाफा प्रति एकड़ 3 लाख रु. है। बाजार में सुपर फूड चियां बीज की कीमत 8 सौ रु. से लेकर 1 हजार रु. प्रति किलो है।

1998 से कर रहे औषधीय खेती: आधुनिक कृषक डॉ. सिंगोरिया वर्ष 1998 से औषधीय खेती कर रहे हैं। 3 हजार रुपए से उन्होंने खेती शुरू की थी। 19 वर्षों बाद उनका सालाना टर्न ओवर 5 लाख रु. से 10 लाख रु. तक है। डॉ. सिंगोरिया 140 प्रकार की औषधियां भी तैयार करते हैं। इसके लिए वह स्वयं के खेत में ही औषधीय पौधे उगाते हैं। उन्होंने नई तकनीक को बड़ा महत्व दिया।

Post a Comment

0 Comments